अलीगढ़ : अलीगढ़ के छर्रा-सांकरा मार्ग पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। खेत से भूसा लेकर लौट रहे चार बच्चों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, इसमें एक किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे खेत से भूसा लेकर अपने गांव ककरुआ नगला लौट रहे थे। इसी दौरान छर्रा-सांकरा मार्ग पर कस्बा दादों की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क किनारे पैदल चल रहे बच्चों को रौंद डाला। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को रोक तो लिया, लेकिन चालक मौका पाकर फरार हो गया।
घायलों को तुरंत छर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवानी (15) की हालत को गंभीर बताते हुए उसे जिला अस्पताल अलीगढ़ रेफर कर दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज सीएचसी छर्रा में चल रहा है।
सूचना मिलते ही दादों पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।